Bihar Teacher Suspended: छात्राओं से गंदा काम पर प्रशासन सख्त, शिक्षकों के बाद अब प्रधानाध्यापिका पर भी गिरी गाज, निलंबित

Bihar Teacher Suspended: प्रशासन ने छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से स्पर्श करने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।

Muzaffarpur Teacher Suspended
प्रधानाध्यापिका निलंबित- फोटो : reporter

Bihar Teacher Suspended:  मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड स्थित लालू छपरा मध्य विद्यालय में नाबालिग छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से स्पर्श करने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी कुमार गौरव के निर्देश के बाद विभाग ने आरोपी विशिष्ट शिक्षक रतन लाल सहनी को निलंबित कर दिया है। वहीं, शिकायत मिलने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं करने और विभाग को सूचना नहीं देने के आरोप में प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को भी निलंबित किया गया है।

आरोप है कि शिक्षक ने विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। मामले की शिकायत विद्यालय स्तर पर किए जाने के बावजूद आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। विभाग ने इसे प्रधानाध्यापिका की ओर से कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना है। दोनों के खिलाफ अलग से आरोप पत्र जारी किया जाएगा।

मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जांच और कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया। पूरे प्रकरण की पड़ताल के लिए तीन सदस्यीय महिला जांच टीम गठित की गई है। इसमें पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ सरैया और डीपीओ को शामिल किया गया है। टीम आरोपों की जांच कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई होगी।

इधर, पीड़ित छात्राओं के परिजनों के आवेदन पर पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश से पारू थाना में आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद आरोपी शिक्षक फरार है। मामले में विभागीय जांच के साथ पुलिसिया कार्रवाई भी जारी है।

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा