'गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला देंगे...' मुजफ्फरपुर में गाड़ी के अंदर ऑटोमैटिक हथियार लहराने वाले विवेक सिंह का वीडियो वायरल, पुलिस में हड़कंप

बिहार के मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर अत्याधुनिक हथियार के साथ एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह भड़काऊ बयान दे रहा है। मुजफ्फरपुर एसएसपी काँतेश कुमार मिश्रा ने मामले की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

Muzaffarpur youth weapon viral video
मुजफ्फरपुर में अत्याधुनिक हथियार के साथ युवक का वीडियो वायरल- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोशल मीडिया पर एक युवक का अत्याधुनिक हथियार के साथ वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस महकमे से लेकर आम जनता के बीच हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में युवक सरेआम एक गाड़ी के भीतर बैठा दिखाई दे रहा है और उसके हाथ में एक संदिग्ध ऑटोमैटिक हथियार नजर आ रहा है। खुलेआम हथियार लहराने और प्रदर्शन करने के इस मामले को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है।


राजपूत समाज के नाम पर इलाके को दहलाने की दी धमकी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहा युवक मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के सबहा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसकी पहचान विवेक सिंह राजपूत के रूप में की गई है। गाड़ी में अत्याधुनिक हथियार लेकर बैठे इस युवक ने वीडियो में जातिगत रंग देते हुए आपत्तिजनक बातें कही हैं। युवक का कहना है कि अगर उसके समाज पर कोई बात आई, तो वह गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके को दहला देगा। इस भड़काऊ बयान के वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।


एसएसपी काँतेश कुमार मिश्रा ने मामले पर लिया कड़ा संज्ञान

वीडियो के सोशल मीडिया पर छाने और विवाद बढ़ने के बाद मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) काँतेश कुमार मिश्रा ने इस पर तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का ऐसा प्रदर्शन और समाज में डर या विद्वेष फैलाने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की तकनीकी सेल और स्थानीय थाना इस वीडियो के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।


वीडियो की सत्यता जांचने के बाद होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी काँतेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो की सत्यता और उसकी टाइमिंग की पूरी जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जांच रिपोर्ट सामने आते ही आरोपी युवक के खिलाफ विधि सम्मत और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिख रहा अत्याधुनिक हथियार वैध है या अवैध, और यह वीडियो कब और कहाँ शूट किया गया था।

रिपोर्ट - मणिभूषण