मुजफ्फरपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान, करोड़ों के मोबाइल बरामद, लौटे तो खिल उठे लोगों के चेहरे

Bihar News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के जरिए लोगों के चेहरे पर फिर से खुशी लौटा दी है। ...

Operation Muskaan
पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के जरिए लोगों के चेहरे पर फिर से खुशी लौटा दी है। गुम या चोरी हुए मोबाइल को वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को पुलिस ने उनका कीमती सामान वापस सौंपा तो उनकी आंखों में राहत और चेहरे पर मुस्कान नजर आई। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें भरोसा नहीं था कि उनका खोया मोबाइल कभी वापस मिलेगा, लेकिन पुलिस ने इसे सच कर दिखाया।

मुजफ्फरपुर पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक 6 चरणों में कुल 745 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये बताई गई है। बरामद किए गए मोबाइल को उनके वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान और सत्यापन के बाद वापस सौंपा गया।

अभियान के तहत अगस्त महीने में भी पुलिस की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार DIU की विशेष टीम ने 106 मोबाइल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। इसके बाद मोबाइल को उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाया गया।

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया। कई लोगों ने कहा कि मोबाइल खोने या चोरी होने के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पुलिस उसे खोजकर वापस दिला पाएगी। मोबाइल की वापसी ने न सिर्फ उनकी आर्थिक परेशानी कम की, बल्कि पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत किया।मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के लिए गठित विशेष टीम DIU ने अलग-अलग स्थानों से 745 मोबाइल बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 2.68 करोड़ रुपये है। अगस्त में भी टीम ने 106 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक उपभोक्ताओं तक पहुंचाए।

SSP ने इस अभियान में DIU की विशेष टीम के काम की सराहना करते हुए टीम के सदस्यों को सम्मानित करने की बात कही है। उन्होंने DIU में तैनात इंस्पेक्टर अंजनी कुमार, सुखविंदर नैन और शिव शंकर सिंह के कार्य की प्रशंसा की।

ऑपरेशन मुस्कान सिर्फ मोबाइल बरामदगी का अभियान नहीं, बल्कि आम लोगों और पुलिस के बीच भरोसे की ‘कड़ी’ मजबूत करने की पहल भी बनता दिख रहा है। जिन लोगों ने अपना मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उनके लिए पुलिस की यह कार्रवाई किसी खोई हुई चीज के वापस मिलने से कहीं ज्यादा है यह कानून-व्यवस्था पर लौटते भरोसे की मुस्कान भी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा