19 हजार की रिश्वत और करोड़ों का 'पाप': दागी जिला कृषि अधिकारी के लॉकर से निकले 1 करोड़ के हीरे-जवाहरात

19,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार के पटना स्थित बैंक लॉकर से ब्यूरो की टीम ने 1.06 करोड़ रुपये से अधिक के सोने, हीरे और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं ।

19 हजार की रिश्वत और करोड़ों का 'पाप':  दागी  जिला कृषि अधिक

Patna / Muzaffarpur - निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है । ब्यूरो की टीम ने मुजफ्फरपुर के तत्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), सुधीर कुमार के बैंक लॉकर की तलाशी के दौरान 1,06,60,097 रुपये (एक करोड़ छह लाख साठ हजार संतानबे रुपये) मूल्य के कीमती आभूषण बरामद किए हैं । यह कार्रवाई पटना के खजपुरा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में संचालित लॉकर संख्या 537 पर की गई, जो अभियुक्त और उनकी पत्नी के नाम पर दर्ज है ।

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे अधिकारी 

यह पूरा मामला 2 जनवरी 2026 को दर्ज प्राथमिकी (कांड सं0-03/26) से जुड़ा है । इसी क्रम में 3 जनवरी 2026 को निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सुधीर कुमार को 19,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था । गिरफ्तारी के तुरंत बाद उनके पटना स्थित आवास की तलाशी ली गई थी, जहाँ से 14 लाख रुपये नकद, निवेश के दस्तावेज और बैंक पासबुक बरामद किए गए थे, जिसके बाद इस बैंक लॉकर का सुराग मिला ।

लॉकर की तलाशी में मिला कुबेर का खजाना 

माननीय न्यायालय से रिमांड और आदेश प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष तलाशी दल का गठन किया गया । 30 जनवरी 2026 को जब टीम ने लॉकर की तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए । लॉकर से लगभग 447 ग्राम सोना (कीमत 57.66 लाख), 11.50 ग्राम हीरा (कीमत 44.14 लाख) और 2.36 किलोग्राम चांदी (कीमत 4.78 लाख) बरामद की गई ।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी का संकल्प 

निगरानी ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में अनुसंधान अभी जारी है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध उनका अभियान निरंतर चलता रहेगा । ब्यूरो ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी पदाधिकारी या कर्मी रिश्वत की मांग करता है, तो वे तुरंत इसकी सूचना विभाग को दें । इसके लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सएप और ईमेल जारी किए हैं ताकि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सके ।

शिकायत दर्ज कराने हेतु संपर्क सूत्र 

भ्रष्टाचार की शिकायत करने के लिए नागरिक निगरानी ब्यूरो के लैंडलाइन नंबर 0612-2215030, हेल्पलाइन नंबर 0612-2215344, या मोबाइल नंबर 7765953261 पर संपर्क कर सकते हैं । इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप नंबर 9473494167 और ईमेल spvig-bih@nic.in पर भी जानकारी दी जा सकती है । ब्यूरो का कार्यालय 6 सर्कुलर रोड, पटना में स्थित है ।

रिपोर्ट - अनिल कुमार