Bihar News : बिहार में फर्जी आधार से विदेशियों का पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, मास्टरमाइंड एजाज कमर को किया गिरफ्तार

Bihar News : फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेज को लगाकर फर्जी तरीके से विदेशी नागरिकों का पासपोर्ट बनवाने वाले मुख्य आरोपी को मुजफ्फरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में फर्जी आधार से विदेशियों का पासपोर्ट ब
फर्जी दस्तावेज पर पासपोर्ट - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार की मुजफ्फरपुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों और जाली आधार कार्ड के जरिए अवैध रूप से विदेशी नागरिकों का पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह के मुख्य सरगना एजाज कमर को गिरफ्तार कर लिया है। मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को 30 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से दस्तावेजों में हेरफेर कर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने का खेल चल रहा है। सूचना के बाद सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की निगरानी और टाउन डीएसपी सुरेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें नगर थाना अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह भी शामिल थे।

विशेष टीम ने तुरंत छापेमारी करते हुए काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र निवासी साहिल कुमार और सारण के दरियापुर निवासी शिवकुमार पंडित को गिरफ्तार किया। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए, जिसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कल्याणी चौक स्थित कन्हाई कम्युनिकेशन सेंटर में काम कर फर्जी आधार और ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन का अवैध धंधा चलाते थे। आरोपियों की निशानदेही पर ही मुख्य सरगना एजाज कमर को दबोचा गया।

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी एजाज कमर आधार संबंधी कार्यों का वेंडर है और आधार अपडेट कराने का ठेका लेता है। वह आधार संबंधी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ऑपरेटर उपलब्ध कराता था, लेकिन नियम-कानूनों को ताक पर रखकर ऑपरेटरों से अवैध रूप से ₹30 हजार प्रति माह वसूलता था। नियमों के अनुसार आधार अपडेट का काम केवल स्वीकृत सरकारी संस्थानों में ही किया जा सकता है, लेकिन एजाज ने इन उपकरणों को गैर-कानूनी तरीके से निजी स्थानों पर दे रखा था। वहां फर्जी दस्तावेजों के सहारे धड़ल्ले से फर्जी आधार कार्ड और कागजात तैयार किए जा रहे थे, जिनका उपयोग विदेशी नागरिकों का फर्जी पासपोर्ट बनवाने के लिए किया जाता था।

इस बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ होने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क या अन्य देशों से तो नहीं जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में संलिप्त अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है और जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

मणिभूषण की रिपोर्ट