मुजफ्फरपुर से 65 लाख के गहनों के साथ 'कैशियर' समीर खान गिरफ्तार:80 लाख की जगुआर और 3D सैटेलाइट से चोरी करने वाले 'सुपरचोर' का नेटवर्क ध्वस्त

पुलिस की एसआईटी ने मुजफ्फरपुर में रेड मारकर 'सुपरचोर' इरफान गिरोह के कैशियर समीर खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 65 लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवर बरामद हुए हैं। जानिए कैसे काम करता था यह हाईटेक गिरोह।

Police SIT Raid Muzaffarpur sameer khan arrested
मुजफ्फरपुर से 65 लाख के गहनों के साथ 'कैशियर' समीर खान गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

देश के 13 राज्यों की पुलिस को चकमा देने वाले देश के सबसे हाईटेक 'सुपरचोर' इरफान के खतरनाक नेटवर्क का मुजफ्फरपुर में पर्दाफाश हुआ है। दरअसल  गूगल 3D सैटेलाइट से रेकी और 80 लाख रुपये की जगुआर कार से करोड़ों की चोरी को अंजाम देने वाले देश के सबसे हाईटेक 'सुपरचोर' गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मुजफ्फरपुर के रसना मोहल्ले में देर रात छापेमारी कर इस अंतरराज्यीय गिरोह के तिजोरी संभालने वाले 'कैशियर' समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है।


ससुराल में छापेमारी कर 65 लाख के गहने जब्त

गिरफ्तार समीर खान मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित शुक्ला रोड, रसना मोहल्ले का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके ससुराल विजय स्टोर गली (वार्ड संख्या-40) में जोरदार छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को लगभग 400 ग्राम सोने और हीरे-मोती के बेशकीमती आभूषण मिले। बरामद किए गए इन जेवरातों की बाजार कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है, जिन्हें झारखंड में चोरी के बाद यहां ठिकाने लगाया जाना था।


गूगल 3D सैटेलाइट से रेकी और लग्जरी कार से वारदात

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने खुलासा करते हुए बताया कि 9 जुलाई को अशोक नगर में हुई चोरी की घटना का मास्टरमाइंड सीतामढ़ी निवासी इरफान उर्फ उजाले है। जांच में गिरोह का चौंकाने वाला मोडस ऑपरेंडी (Modus Operandi) सामने आया है। सरगना इरफान गूगल 3D सैटेलाइट इमेज के जरिए पॉश इलाकों और लग्जरी हवेलियों की पहचान कर रेकी करता था। वारदात के वक्त किसी को शक न हो, इसके लिए वह 80 लाख की जगुआर कार से जाता था और चोरी के गहने मुजफ्फरपुर में समीर खान को सौंप देता था, जो इन्हें बेचकर नकदी इरफान तक पहुंचाता था।


13 राज्यों की पुलिस को तलाश, 80 से अधिक मामले दर्ज

मास्टरमाइंड इरफान देश के सबसे शातिर चोरों में गिना जाता है, जिसकी तलाश 13 राज्यों की पुलिस को लंबे समय से है। उस पर दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत देशभर के विभिन्न राज्यों में 80 से भी अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हर बार बेहद सफाई से वारदात को अंजाम देकर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो जाता था।


अब तक 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

इस हाई-प्रोफाइल चोरी मामले में पुलिस को अब तक कई बड़ी सफलताएं मिल चुकी हैं। इससे पहले कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल जगुआर कार, 17.36 लाख रुपये नकद और इरफान की पत्नी समेत दो महिला सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। मुजफ्फरपुर से 65 लाख के गहने मिलने के बाद अब तक इस मामले में 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। फिलहाल मुख्य आरोपी इरफान की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।