Bihar Crime: राइफल के साथ तस्वीर वायरल होते ही मचा हड़कंप, दो युवक गिरफ्तार

Bihar Crime: राइफल थामे दो युवकों की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।...

Rifle Photo Goes Viral in Muzaffarpur, Two Youths Arrested
राइफल के साथ तस्वीर वायरल होते ही मचा हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar Crime:मुजफ्फरपुर: गायघाट थाना क्षेत्र में राइफल थामे दो युवकों की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तस्वीर में दोनों युवक हाथों में राइफल लिए खड़े नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर विश्वकर्मा पूजा के दिन की है। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मकरंदपुर निवासी चंदन कुमार और खजुरी निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है।

गायघाट थानेदार जयप्रकाश गुप्ता के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों युवक शराब के धंधे से जुड़े हैं और रुपये के लेनदेन को लेकर बाइक छीनने-झपटने को लेकर आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को दबोच लिया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार बेनीबाद स्थित मद्य निषेध विभाग के चेकपोस्ट पदाधिकारी का निजी चालक बताया जाता है। वायरल तस्वीर को लेकर यह भी चर्चा है कि उसमें दिख रही राइफल मद्य निषेध विभाग में तैनात एक सिपाही की है। हालांकि, तस्वीर किस परिस्थिति में खींची गई और दोनों युवकों के हाथों तक सरकारी हथियार कैसे पहुंचा, यह पुलिस जांच का विषय है।

इधर, चंदन कुमार पर शराब तस्करी से जुड़े होने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह कथित तौर पर इलाके में सक्रिय अन्य शराब तस्करों की गतिविधियों की जानकारी मद्य निषेध विभाग तक पहुंचाता था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और हथियार की बरामदगी, तस्वीर की वास्तविकता तथा शराब तस्करी से कथित कनेक्शन की जांच की जा रही है।

वायरल फोटो को लेकर हिन्दुस्तान इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि तस्वीर में दिख रहे हथियार किसके थे और दोनों युवकों की भूमिका क्या थी। फिलहाल राइफल वाली तस्वीर ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस की पूछताछ से मामले की परतें खुलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा