Bihar News: मुजफ्फरपुर में चमड़े के कारोबार का होगा बड़ा धमाका, CM सम्राट चौधरी करेंगे मेगा लेदर पार्क का उद्घाटन, रोजगार और निवेश को मिलेगी नई उड़ान
Bihar News: बिहार के औद्योगिक नक्शे पर मुजफ्फरपुर की नई पहचान बनाने की तैयारी तेज हो गई है। ...
Bihar News: बिहार के औद्योगिक नक्शे पर मुजफ्फरपुर की नई पहचान बनाने की तैयारी तेज हो गई है। मोतीपुर प्रखंड के महवल स्थित नवनिर्मित मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेसरीज पार्क का 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने वरीय अधिकारियों के साथ बियाडा परिसर में विकसित हो रहे इस औद्योगिक पार्क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य, बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
62 एकड़ में तैयार हुआ औद्योगिक विकास का नया ठिकाना
मोतीपुर के बियाडा परिसर में करीब 62 एकड़ जमीन पर विकसित किया जा रहा यह पार्क बिहार में लेदर, फुटवियर और एसेसरीज उद्योग को नई रफ्तार देने की क्षमता रखता है। पार्क को दो कैंपस में विकसित किया गया है। यहां आंतरिक सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, वे-ब्रिज और पावर सब-स्टेशन जैसी सुविधाएं तैयार की गई हैं, ताकि उद्यमियों को कारोबार शुरू करने में सहूलियत मिले और औद्योगिक गतिविधियों का संचालन सुचारू ढंग से हो सके।पहले कैंपस में प्रशासनिक भवन, मानव संसाधन विकास (HRD) भवन, सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर भवन और तीन प्लग एंड प्ले शेड बनाए गए हैं। इन सुविधाओं का मकसद निवेशकों को तैयार औद्योगिक ढांचा उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें इकाई स्थापित करने के लिए शुरुआती बुनियादी व्यवस्था पर कम मशक्कत करनी पड़े।
कई कंपनियों को मिली जगह, 44 प्लॉट अब भी खाली
बियाडा से मिली जानकारी के मुताबिक, प्लग एंड प्ले शेड में B.M.M.J & Sons Pvt. Ltd. को करीब 15,500 वर्गफीट, Patna Leather को लगभग 46,500 वर्गफीट और Dev Handicraft को 3,875 वर्गफीट जगह आवंटित की गई है। फिलहाल 13 ब्लॉक आवंटन के लिए उपलब्ध बताए गए हैं। पहले भवन के भूतल के चार ब्लॉक कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) के लिए आरक्षित हैं।इसके अलावा Solework Footwear Pvt. Ltd. को 15,000 वर्गफीट और ABC Leather को कुल 87,120 वर्गफीट जमीन आवंटित की गई है। पार्क में अभी 44 खाली भूखंड मौजूद हैं, जिनका कुल रकबा 23.34 एकड़ है। इन भूखंडों पर नए उद्योगों की स्थापना और निवेश की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।
रोजगार और निवेश को मिलेगी नई उड़ान
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि महवल का मेगा लेदर पार्क जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में अहम पहल है। इससे लेदर और फुटवियर कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। निवेश बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई है। अब सबकी निगाहें 15 अक्टूबर के उद्घाटन समारोह पर टिकी हैं। यह परियोजना मुजफ्फरपुर को औद्योगिक निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है। हालांकि, रोजगार और निवेश पर इसका वास्तविक असर आने वाले समय में उद्योगों की स्थापना और संचालन पर निर्भर करेगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा