बिहार में 'मटुकनाथ' पार्ट-2 : 60 साल के प्रिंसिपल ने 28 की टीचर से नेपाल में रचाई शादी, भाई ने लगाया अपहरण का आरोप

60 साल के स्कूल प्रिंसिपल और 28 साल की टीचर की नेपाल में हुई शादी ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। जहाँ लड़की के घरवाले इसे अपहरण बता रहे हैं, वहीं टीचर ने वीडियो जारी कर इसे अपनी मर्जी की शादी बताया है।

बिहार में 'मटुकनाथ' पार्ट-2 : 60 साल के प्रिंसिपल ने 28 की ट

Muzaffarpur - मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक 60 वर्षीय निजी स्कूल प्रिंसिपल द्वारा अपनी ही 28 वर्षीय शिक्षिका से नेपाल में विवाह रचाने का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है. शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है, जिसने लोगों को बिहार के चर्चित 'मटुकनाथ-जूली' प्रकरण की याद दिला दी है.

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल के संचालक और प्रिंसिपल राकेश साह, जो चार बच्चों के पिता बताए जाते हैं, उन्होंने अपने ही संस्थान में कार्यरत शिक्षिका शाइस्ता परवीन से 18 फरवरी को नेपाल के जनकपुर में जाकर निकाह कर लिया. इस घटना के सामने आने के बाद युवती के भाई ने औराई थाने में आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं. भाई का दावा है कि उसकी बहन का अपहरण कर जबरन यह शादी कराई गई है और उसने बहन के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है.

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रिंसिपल राकेश साह, उनकी पत्नी और बेटी समेत कुल सात लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से तीन लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है. औराई थाना प्रभारी रानोवर परवीन ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि मामले की सच्चाई का पता लगाया जा सके.

वहीं दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने परिजनों के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. वीडियो में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्होंने अपनी मर्जी से और बिना किसी दबाव के राकेश साह के साथ विवाह किया है. उन्होंने खुद को सुरक्षित बताते हुए यह भी दावा किया कि वर्ष 2025 में ही दोनों ने आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय ले लिया था.

वर्तमान में इस घटना के कारण गांव में दो समुदायों के बीच संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष एहतियात बरत रहा है. पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि यह मामला वास्तव में एक प्रेम विवाह है या फिर किसी प्रकार के दबाव का परिणाम. स्थानीय प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और जांच पूरी होने तक लोगों से धैर्य रखने को कहा है.