Bihar News: SKMCH में वार्डन की प्रताड़ना से तंग GNM छात्रा ने खाईं नींद की गोलियां, ICU में भर्ती, हालत गंभीर
Bihar News: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल SKMCH में जीएनएम कॉलेज की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। ...
Bihar News: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल SKMCH में जीएनएम कॉलेज की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा ने कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नींद की गोलियां खा लीं, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे SKMCH के ICU में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के पिता मुजफ्फरपुर पहुंचे और पूरे मामले को लेकर SKMCH ओपी थाने की पुलिस को लिखित आवेदन दिया है।
बताया जा रहा है कि नालंदा जिले के सिनोवा गांव निवासी सुप्रिया कुमारी SKMCH परिसर स्थित GNM कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथ रह रही सहपाठियों को जब उसके द्वारा अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाने की जानकारी हुई तो उन्होंने वार्डन की मदद से उसे इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ICU में शिफ्ट कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन अस्पताल पहुंचे। छात्रा के पिता संजय कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में वार्डन पर पिछले करीब छह महीने से बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाजिरी बनाने के बावजूद उनकी बेटी की उपस्थिति काट दी जाती थी और उसे छुट्टी भी नहीं दी जाती थी। छात्रा ने कथित तौर पर इन परेशानियों की जानकारी अपने परिजनों को दी थी।
पिता के मुताबिक, उनकी बेटी पहले से नस संबंधी बीमारी से परेशान है और पटना के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। प्रत्येक दो महीने पर उसे चिकित्सकीय जांच के लिए पटना ले जाना पड़ता है। संजय कुमार ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उनकी बेटी ने क्या खाया था, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से उन्हें बेटी के कुछ खा लेने की सूचना दी गई।
घटना के बाद अब पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है। SKMCH ओपी पुलिस का कहना है कि छात्रा के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। उसके बयान और परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रा की हालत चिकित्सकों की निगरानी में है।
रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा