Bihar News : मुजफ्फरपुर-मोतिहारी हाईवे पर 'हसीना गैंग' का खौफ, देर रात राहगीरों को फंसाकर हो रही लूटपाट, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : मुजफ्फरपुर मोतिहारी मुख्य मार्ग पर बीते कुछ दिनों से हसीना गैंग का खौफ देखा जा रहा है. जहां देर रात सड़क पर चलते रहागीरों से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जा रहा है........पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर-मोतिहारी हाईवे पर 'हसीना गैंग' का खौ
हसीना गैंग का खौफ - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर-मोतिहारी मुख्य मार्ग पर बीते कुछ दिनों से कथित 'हसीना गैंग' के आतंक से राहगीर और स्थानीय लोग दहशत में हैं। कांटी थाना क्षेत्र के चांदनी चौक से लेकर दामोदरपुर हाउसिंग बोर्ड तक का इलाका इस गिरोह का मुख्य ठिकाना बना हुआ है। देर रात इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। एक के बाद एक सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

किन्नर को ढाल बनाकर बिछाते हैं जाल, फिर करते हैं लूटपाट

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गिरोह के काम करने का तरीका बेहद शातिराना है। देर रात सड़क पर किन्नर को आगे कर कार और बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया जाता है। जैसे ही कोई राहगीर इनके झांसे में आकर अपनी गाड़ी रोकता है, झाड़ियों और अंधेरे में छिपे गिरोह के अन्य सदस्य तुरंत उसे घेर लेते हैं। इसके बाद मारपीट और हथियारों के बल पर राहगीर से कैश, मोबाइल और कीमती सामान लूटकर सभी आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।

स्थानीय निवासियों में आक्रोश, थाने में सौंपा आवेदन

लगातार हो रही इन वारदातों से आजिज आकर स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि रात के समय इस संवेदनशील इलाके में पुलिस की गश्त न के बराबर रहती है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गिरोह के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्थानीय लोगों ने कांटी थाना पुलिस को एक लिखित आवेदन सौंपा है, जिसमें रात्रि गश्त बढ़ाने और इस कथित 'हसीना गैंग' का सफाया कर राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर की गई पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया है। डीएसपी वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड के समीप रहने वाले लोगों द्वारा एक आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें 'हसीना गैंग' पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम इस गिरोह पर लगातार नजर बनाए हुए है और इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस, जल्द होगा गिरोह का पर्दाफाश

डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई थी। हालांकि, प्राथमिक जांच में इस गिरोह के साथ उनकी प्रत्यक्ष संलिप्तता सामने नहीं आने के कारण उन्हें पीआर बॉन्ड (PR Bond) पर रिहा कर दिया गया है। फिलहाल कांटी पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय इनपुट के आधार पर मामले की गहन तहकीकात कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के सदस्यों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट