Bihar News : दारोगा जी की गयी नौकरी ! शादी का झांसा देकर महिला ने यौन शोषण का लगाया आरोप, तिरहुत डीआईजी ने सेवा से किया बर्खास्त

Bihar News : शादी का झांसा देकर तीन साल तक यौन शोषण करना एक पुलिस अधिकारी को महंगा पड़ गया. जांच सही पाए जाने के बाद तिरहुत रेंज के डीआईजी ने उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : दारोगा जी की गयी नौकरी ! शादी का झांसा देकर महि
दारोगा जी की गयी नौकरी - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : सीतामढ़ी जिले में तैनात एक पुलिसकर्मी को महिला से शादी का झांसा देकर तीन साल तक यौन शोषण करना बेहद महंगा पड़ गया है। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी सहायक आरक्षी निरीक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। डीआईजी की इस बड़ी और सख्त कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

महिंदवारा थाना में तैनात रहते हुए किया था यौन शोषण

दरअसल, यह पूरा मामला सीतामढ़ी जिले के महिंदवारा थाना से जुड़ा है। यहाँ तैनात सहायक आरक्षी निरीक्षक शांति प्रकाश कुजूर पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का आरोप था कि शांति प्रकाश कुजूर ने उसे शादी का झांसा दिया और लगातार तीन वर्षों तक उसका यौन शोषण करता रहा। जब पुलिसकर्मी अपने वादे से मुकर गया, तब पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

3 दिसंबर 2021 को दर्ज हुआ था मामला, हुई थी गिरफ्तारी

पीड़ित महिला द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में 3 दिसंबर 2021 को सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाने में कांड संख्या 399/21 दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई शांति प्रकाश कुजूर को महिंदवारा थाना से गिरफ्तार कर लिया था और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने अदालत में उसके खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया था।

विभागीय जांच में सही पाए गए आरोप

पुलिसकर्मी के इस भ्रष्ट और अनैतिक आचरण को देखते हुए 17 फरवरी 2022 को उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। डीएसपी द्वारा की गई गहन जांच रिपोर्ट में एएसआई पर लगे सभी आरोप पूरी तरह सही पाए गए, जिसके बाद जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी।

भ्रष्ट आचरण पर DIG चंदन कुशवाहा का कड़ा प्रहार

डीएसपी की जांच रिपोर्ट और अदालत में दाखिल चार्जशीट के आधार पर तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने आरोपी पुलिसकर्मी के आचरण को पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाला और अत्यंत गंभीर माना। उन्होंने त्वरित एक्शन लेते हुए एएसआई शांति प्रकाश कुजूर को सरकारी सेवा से हमेशा के लिए बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया। पुलिस का कहना है कि कानून के रक्षकों द्वारा इस तरह का कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट