थाने से 200 मीटर दूर 12 लाख की चोरी का पर्दाफाश, पिकअप से उड़ाए 33 बंडल कपड़े, दुकानदार गिरफ्तार

Bihar News: पुलिस ने महज एक हफ्ते के भीतर 12 लाख रुपये के कपड़े चोरी कांड का राजफाश कर दिया।

Theft Near Police Station Busted 12 Lakh Goods Recovered
थाने से 200 मीटर दूर 12 लाख की चोरी का पर्दाफाश- फोटो : reporter

Bihar News:मुजफ्फरपुर में पुलिस ने महज एक हफ्ते के भीतर 12 लाख रुपये के कपड़े चोरी कांड का राज़फाश कर दिया। हैरत की बात यह थी कि वारदात थाने से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई थी। बदमाशों ने ताला काटकर गोदाम से कीमती कपड़े के बंडल उड़ाए और फरार हो गए थे।

मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित आर के इंटरप्राइजेज के गोदाम का है। 21 फरवरी की रात अज्ञात चोर पिकअप वैन लेकर पहुंचे और गोदाम का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के 32 से 33 बंडल कपड़े लेकर चंपत हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

पीड़ित गोदाम मालिक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। छानबीन के दौरान सुराग पूर्वी चंपारण की ओर गया। विशेष टीम ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चोरी के 33 बंडल कपड़े बरामद कर लिए, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से कपड़ा दुकानदार मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि घटना की रात दो पिकअप गाड़ियों से बदमाश गोदाम पहुंचे थे। चोरी के बाद सभी बंडलों को गाड़ियों पर लादकर फरार हो गए। हालांकि इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

यह घटना कई सवाल खड़े करती है थाने के इतने करीब इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई? क्या बदमाशों को पहले से रेकी की जानकारी थी? फिलहाल पुलिस की कार्रवाई से चोरी का माल बरामद हो गया है, लेकिन असली साजिशकर्ता की गिरफ्तारी बाकी है। कानून का शिकंजा अब उसके गिरेबान तक कब पहुंचता है, इस पर सबकी नजर टिकी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा