Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में चोरी का विरोध करना महिला को पड़ा महंगा, चोर ने प्राइवेट पार्ट पर हंसुआ से किया हमला, ऑपरेशन के बाद निकाला गया हथियार
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में अपने घर में हो रहे चोरी का विरोध करने पर महिला शिव कुमारी देवी के प्राइवेट पार्ट पर बदमाशो ने हंसुआ से हमला कर दिया......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर गांव से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ अपने ही घर में चोरी का विरोध करने पर एक महिला पर चोर ने जानलेवा हमला कर दिया। बेखौफ बदमाश ने महिला के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हंसुआ से प्रहार कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से जख्मी महिला को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
अहले सुबह 3 बजे घर में घुसा था चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार अहले सुबह तकरीबन तीन बजे की है। रामनगर गांव निवासी शिव कुमारी देवी अपने घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान एक बदमाश चोरी की नीयत से उनके घर में दाखिल हुआ। चोर की आहट पाकर महिला की अचानक नींद खुल गई। जब उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए चोर को पकड़ने और चोरी का विरोध करने का प्रयास किया, तो पकड़े जाने के डर से बौखलाए बदमाश ने उन पर धारदार हथियार (हंसुआ) से बेहद बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया।
डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर निकाला फंसा हुआ हंसुआ
हमले के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े, जिन्हें देख चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। खून से लथपथ महिला को आनन-फानन में मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का जटिल ऑपरेशन किया और शरीर में फंसे हंसुआ को बाहर निकाला। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
डीएसपी ईस्ट वन का बयान: प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
इस जघन्य मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत रेस हो गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया, "यह घटना 2 जुलाई की देर रात की है, जहाँ चोरी का विरोध करने पर एक महिला पर बदमाश द्वारा हमला किया गया है। हमले में महिला का प्राइवेट पार्ट गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।" उन्होंने आगे बताया कि पीड़िता और उनके परिजनों के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में कांड (प्राथमिकी) दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीम आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट