Bihar News: होलिका की आग में गुम हुए तीन मासूम, परिजनों में मातम और दहशत

Bihar News:Bihar News: होलिका दहन की रौनक उस वक्त खौफनाक मंजर में बदल गई, जब एक ही मोहल्ले के तीन नाबालिग रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए।

Three innocent children lost in Holika fire family mourns
होलिका की आग में गुम हुए तीन मासूम- फोटो : reporter

Bihar News: होलिका दहन की रौनक उस वक्त खौफनाक मंजर में बदल गई, जब मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव से एक ही मोहल्ले के तीन नाबालिग रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए। त्योहार की खुशियां पलक झपकते ही ग़म और बेचैनी में तब्दील हो गईं। घरों में जहां ढोल-नगाड़ों की आवाज़ गूंजनी थी, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं का सैलाब है।

मामला करजा थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव वार्ड संख्या 7 का है। गांव निवासी प्रमोद साह ने थाने में दरख़्वास्त देकर इत्तला दी कि उनका बेटा गोलू कुमार, साथ में मंजीत कुमार और आदित्य कुमार तीनों होलिका दहन देखने के लिए एक साथ घर से निकले थे। रात ढल गई, चिराग बुझ गए, मगर तीनों का कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तफ्तीश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन हर कोशिश नाकाम रही। जैसे-जैसे वक्त गुजरता गया, दिलों में अनहोनी की आशंका ने घर कर लिया। परिजनों का कहना है कि बच्चों का मोबाइल भी बंद आ रहा है, जिससे शक और गहराता जा रहा है।

अब पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं कोई अपहरण की साजिश की बात कर रहा है तो कोई किसी गैंग की हरकत मान रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच का आगाज़ कर दिया है। करजा थाना पुलिस का कहना है कि हर एंगल से तहकीकात की जा रही है, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिरों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

त्योहार की रंगीन रात अब स्याह हो चुकी है। परिजनों की आंखें दरवाज़े पर टिकी हैं बस एक उम्मीद के साथ कि तीनों मासूम सकुशल लौट आएं। गांव में मातम जैसा माहौल है और हर जुबान पर एक ही दुआ है कि हे भगवान बच्चों को सकुशल घर लौटा दें।”

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा