Bihar News : मुजफ्फरपुर में हथियार और शराब के साथ दो अपराधी गिरफ्तार, वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे बदमाश, जेल भेजे गए
Bihar News : मुजफ्फरपुर की सड़क पर शराब पीने के बाद पिस्टल लेकर अपराध की घटना को अंजाम देने निकले दो अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले की कांटी थाना पुलिस ने सड़क पर शराब के नशे में पिस्टल लहराते और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में से एक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कांटी थाना क्षेत्र की सड़कों पर एक ही बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के निर्देश पर कांटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी की और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
मधुबन गांव के पास आटा चक्की से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन गांव के समीप स्थित एक आटा चक्की के पास घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों युवकों को धर दबोचा। जब पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से एक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए। इसके बाद जब ब्रेथ एनालाइजर से दोनों की जांच की गई, तो उनके द्वारा अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किए जाने की भी पुष्टि हुई।
पुरानी रंजिश और कई मामलों में संलिप्तता
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कांटी थाना क्षेत्र निवासी रितिक मिश्रा और सुजीत कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार रितिक मिश्रा पर पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
मणिभूषण की रिपोर्ट