मुजफ्फरपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प : जमकर चलीं लाठियां, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मुजफ्फरपुर में मोहर्रम के अवसर पर निकाले गए मातमी जुलूस के दौरान एक ही समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। हालांकि की समय रहते पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और स्थिति को नियत्रित कर लिया....
Muzaffarpur : जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर निकाले गए मातमी जुलूस के दौरान एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जुलूस के बीच में ही एक ही समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते जमकर लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में तीन लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि हुई है। वहीं, मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दो महिलाओं के विवाद से भड़की हिंसा
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला हथौड़ी थाना इलाके का है जहाँ आज मोहर्रम पर्व को लेकर पारंपरिक तरीके से जुलूस निकाला गया था। इसी दौरान एक ही समुदाय की दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी और विवाद हो गया। देखते ही देखते यह घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें दोनों पक्षों के पुरुष और अन्य लोग भी कूद पड़े और दोनों गुटों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।
मौके पर मुस्तैद पुलिस ने संभाला मोर्चा
त्योहार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पहले से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर थी। जैसे ही पुलिस को मोहर्रम जुलूस के बीच इस हिंसक झड़प की भनक लगी, तत्काल हरकत में आते हुए पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हिंसक हो रही भीड़ को खदेड़ा और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में: एसएसपी
इस पूरे मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी ने बताया कि दो महिलाओं के बीच शुरू हुए आपसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया था। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को तुरंत संभाल लिया। इस घटना में कुल तीन लोग आंशिक रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू
एसएसपी ने आगे बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो को भी संज्ञान में लिया गया है। वीडियो के आधार पर हुड़दंग और मारपीट करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनीभूषण की रिपोर्ट