Bihar News : मुजफ्फरपुर में शराबबंदी की खुली पोल, होटल में जाम छलकाते दिखा चौकीदार, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप
Bihar News : मुजफ्फरपुर में एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग एक होटल में बैठ कर शराब का सेवन करते दिख रहे हैं. इसमें चौकीदार राम विजय कुमार भी शामिल बताये जा रहे है.......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने की जिम्मेदारी जिस पुलिस महकमे के कंधों पर है, उसी के एक कारिंदे का शर्मनाक कारनामा सामने आया है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कानून का रखवाला ही सरेआम एक होटल में बैठकर अपने दोस्तों के साथ शराब का सेवन करता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सूबे में शराबबंदी की जमीनी हकीकत को लेकर एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि इसमें शराब पीता दिख रहा व्यक्ति मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरी थाने में अनुकंपा पर नियुक्त चौकीदार राम विजय कुमार है। मिली जानकारी के अनुसार, चौकीदार साहब किसी गुप्त जगह पर नहीं, बल्कि अपने ही थाने के बिल्कुल नजदीक स्थित एक होटल में अपने अन्य सहयोगियों के साथ बैठकर बड़े आराम से जाम छलका रहे थे। कैमरे के सामने बेखौफ अंदाज में शराब पीने का यह वीडियो अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर सार्वजनिक हुआ, पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस की साख पर बट्टा लगाने वाली इस घटना के बाद विभाग के आला अधिकारी मामले की लीपापोती और जांच की बात कह रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जो पुलिस आम जनता पर शराबबंदी के नाम पर शिकंजा कसती है, उसके अपने कर्मचारी ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
इस घटना के बाद एक और गंभीर आरोप सामने आ रहा है। चर्चा है कि सरेआम शराब का सेवन करने वाले इन चौकीदार साहब के संबंध थाना क्षेत्र के कई सक्रिय शराब माफियाओं और धंधेबाजों से भी हैं। आरोप लग रहे हैं कि इसी साठगांठ की बदौलत क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। हालांकि, इन आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह तो पुलिस की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
बहरहाल, जिस तरह से कैमरे के सामने बिना किसी डर के चौकीदार अपने सहयोगियों के साथ शराब पी रहा है, उसने बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिसिया इकबाल पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। अब देखना यह है कि मुजफ्फरपुर जिला पुलिस प्रशासन इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी चौकीदार के खिलाफ क्या दंडात्मक कार्रवाई करता है, ताकि कानून का मजाक उड़ाने वाले ऐसे तत्वों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
मणिभूषण की रिपोर्ट