Bihar Wedding Dispute: जयमाला के दौरान टूटी शादी, बंधक बने बाराती, दूल्हा बदलने के विवाद में फंसा विवाह

Bihar Wedding Dispute: एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसने शादी की खुशियों को पलभर में हंगामे, आरोप-प्रत्यारोप और बवाल के माहौल में बदल दिया।...

Wedding Breaks at Jai Mala Baratis Held Police Resolve Dispu
जयमाला के दौरान टूटी शादी- फोटो : reporter

Bihar Wedding Dispute: मुजफ्फरपुर के मुरौल ओपी थाना क्षेत्र से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसने शादी की खुशियों को पलभर में हंगामे, आरोप-प्रत्यारोप और बवाल के माहौल में बदल दिया। राजस्थान से आई बारात उस वक्त बंधक बना ली गई जब लड़की पक्ष ने दूल्हा बदलने का गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे विवाह स्थल पर हंगामा खड़ा कर दिया। माहौल ऐसा बिगड़ा कि शहनाइयों की जगह चीख-पुकार और तकरार की आवाजें गूंजने लगीं।मामला 21 मई का बताया जा रहा है, जब मोहम्मदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 9 में रामदास के घर शादी की पूरी तैयारी धूमधाम से की गई थी। दरवाजे पर डीजे, नाच-गाना और रिश्तेदारों की भीड़ सब कुछ एक शादी के जश्न की तस्वीर पेश कर रहा था। राजस्थान से बारात भी पूरे ठाठ-बाट के साथ पहुंची, लेकिन जयमाला की रस्म के दौरान अचानक हालात पलट गए।

लड़की ने शादी से इंकार कर दिया और देखते ही देखते लड़की पक्ष ने आरोपों की झड़ी लगा दी कि दूल्हा बदल दिया गया है। फिर क्या था खुशियों का माहौल एकदम तनाव और आक्रोश में बदल गया। गुस्से में आकर लड़की पक्ष ने बारातियों को बंधक बना लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही मुरौल ओपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पंचायत बैठाई गई। गांव की अदालत में फैसला सुनाया गया कि लड़की पक्ष के द्वारा किए गए खर्च की भरपाई लड़का पक्ष करेगा और उपहार स्वरूप लाए गए सामान वापस किए जाएंगे।

पंचायत के फैसले के तहत करीब दो लाख रुपये का भुगतान लड़का पक्ष ने किया। इसके बाद ही बंधक बने बारातियों को रिहा किया गया। हालात सामान्य होने के बाद राजस्थान से आई बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई लेकिन यह मामला पूरे इलाके में चर्चा और सवालों का बड़ा विषय बन गया है। पुलिस ने भी पुष्टि की है कि विवाद को आपसी समझौते से शांत कराया गया और सभी पक्षों को सुरक्षित रवाना कर दिया गया।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा