Bihar Crime : मुजफ्फरपुर पुलिस को खुली चुनौती, भीड़ के बीच युवक ने भोजपुरी गाने पर सरेआम लहराया पिस्टल, वीडियो सोशल मीडिया में हुआ वायरल

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में भोजपुरी गाने पर एक युवक का पिस्टल लहराते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसकी जांच में पुलिस जुट गयी है.......पढ़िए आगे

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर पुलिस को खुली चुनौती, भीड़ के बीच य
पिस्टल लहराने के वीडियो वायरल - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस के इकबाल और कानून के खौफ पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गया है। सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सरेआम भीड़ के बीच एक लोडेड हथियार लहराते हुए डांस करता नजर आ रहा है। यह वीडियो एक तरफ मुजफ्फरपुर पुलिस की उन सख्त चेतावनियों को मुंह चिढ़ा रहा है जिसमें सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही जाती है, तो दूसरी तरफ आम जनता के बीच असुरक्षा की भावना पैदा कर रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक भोजपुरी गानों की धुन पर बेखौफ होकर हथियार लहरा रहा है। वहां मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनी हुई है और युवक को पुलिसिया कार्रवाई का जरा भी भय नजर नहीं आ रहा है। युवक का यह दुस्साहस यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या अपराधियों और मनचले युवाओं के मन से पुलिस का डर पूरी तरह समाप्त हो गया है? क्या ये युवक इस तरह की हरकतों से जिला पुलिस की कार्यशैली को सीधी चुनौती दे रहे हैं?

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह वायरल वीडियो मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किसी शादी समारोह का है या किसी निजी कार्यक्रम का, लेकिन सरेआम हथियार का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन' और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दावों के बीच इस तरह की तस्वीर सामने आना पुलिस प्रशासन के लिए असहज स्थिति पैदा कर रही है।

हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं की गई है, लेकिन वीडियो के सोशल मीडिया पर फैलने के बाद स्थानीय लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। औराई पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है कि वीडियो कब का है और इसमें दिख रहा युवक कौन है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

यह पहली बार नहीं है जब मुजफ्फरपुर में इस तरह का वीडियो वायरल हुआ हो। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर रील बनाने और रसूख दिखाने के चक्कर में हथियार लहराने का चलन बढ़ा है। अब देखना यह है कि मुजफ्फरपुर पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए और भविष्य में कोई भी युवा कानून को हाथ में लेने या पुलिस के आदेशों की धज्जियां उड़ाने की हिम्मत न कर सके।

मणिभूषण की रिपोर्ट