Bihar News : नालंदा में जमीन विवाद में चली गोली, पैर में गोली लगने से जख्मी हुआ युवक, ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाये गंभीर आरोप

Bihar News : नालंदा के दरोगा बीघा कल्याणपुर गांव में जमीन विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में हुई फायरिंग में युवक रौशन कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई।

Bihar News : नालंदा में जमीन विवाद में चली गोली, पैर में गोल
युवक को लगी गोली - फोटो : RAJ

NALANDA : बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरोगा बीघा कल्याणपुर गांव में मंगलवार को जमीन का एक पुराना विवाद बेहद हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच चल रहे इस विवाद में अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें खेत जोत रहे रौशन कुमार नाम के एक युवक के बाएं पैर में गोली लग गई। वारदात के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल रौशन कुमार ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक ने बताया कि वह शांतिपूर्वक अपने खेत में जुताई कर रहा था, तभी अचानक दूसरे पक्ष के लोग वहां आ धमके और विवाद करने लगे। आरोप है कि तीखी नोकझोंक के दौरान शिशुपाल सिंह नामक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर सीधे उस पर गोली चला दी। रौशन का दावा है कि इस पूरी वारदात के समय मौके पर पांच-से-छह पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हमलावरों को रोकने या बीच-बचाव करने का कोई प्रयास नहीं किया।

इस संवेदनशील मामले पर दीपनगर के थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से इस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व में प्रशासन द्वारा जमीन की मापी कराकर इस आपसी कलह को सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह प्रक्रिया किन्हीं कारणों से पूरी नहीं हो सकी थी। मंगलवार को जब एक पक्ष खेत में काम कर रहा था, तभी दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया और दोनों दल आमने-सामने आ गए, जिसके बाद बात बढ़ी और फायरिंग की यह दुखद घटना घटित हुई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। पुलिस की मौजूदगी में गोली चलने और मूकदर्शक बने रहने के आरोपों पर अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और वारदात में शामिल नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात के बाद से दरोगा बीघा कल्याणपुर गांव में स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों के बीच व्याप्त गुस्से और किसी भी संभावित दोबारा हिंसक झड़प को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर गांव में भारी मात्रा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार गांव के हालातों पर नजर बनाए हुए हैं और शांति व्यवस्था बहाल रखने की कोशिशें जारी हैं।

राज की रिपोर्ट