Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री को धक्का लगने के मामले पर बोले डिप्टी सीएम विजय चौधरी, कहा- बेवजह मामले को तूल न दें विपक्ष

Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कर्मियों द्वारा धक्का दिए जाने के मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि यह किसी गलत मंशा से नहीं किया गया होगा।

Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री को धक्का लगने के मामले पर बोले
विपक्ष पर निशाना - फोटो : RAJ

NALANDA : स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कर्मियों द्वारा धक्का दिए जाने के मामले में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की ओर से ऐसा किसी गलत मंशा से नहीं किया गया होगा। उन्होंने कहा कि सीएम की सुरक्षा में तैनात कर्मियों से उन्हें भी कई बार धक्का लग चुका है। इस घटना को बेवजह तूल नहीं देना चाहिए। गुरुवार को बिहारशरीफ स्थित हरदेव भवन में बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें भी अपनी स्थिति पर विचार करना चाहिए।

बैठक में जिले के विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों ने शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) समेत कई विभागों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, पेयजल की उपलब्धता, शिक्षा व्यवस्था और विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

बैठक के बाद विजय चौधरी ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि सांसद, विधायक और बीस सूत्री समिति के सदस्यों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से समस्या उठाए जाने पर प्रशासन को उसके समाधान के लिए बीस सूत्री की अगली बैठक का इंतजार नहीं करना चाहिए। शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारी उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें।

मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक हरिनारायण सिंह, कौशल किशोर, डॉ. जितेंद्र कुमार, रूहेला रंजन, रविशंकर कुमार, डीएम उदिता सिंह, एसपी हृदयकांत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बीस सूत्री समिति के सदस्य मौजूद थे।

राज की रिपोर्ट