Bihar News : नालंदा में शराब के नशे में बदमाश ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन लोग हुए जख्मी, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

Bihar News : नालंदा में शराब पीने के बाद हुए विवाद के बीच एक बदमाश ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए हैं.....पढ़िए आगे

Bihar News : नालंदा में शराब के नशे में बदमाश ने की ताबड़तोड़
शराब के नशे में फायरिंग - फोटो : RAJ

NALANDA : जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ गांव में शनिवार की शाम शराब के नशे में धुत बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। शराब पीने के बाद हुए विवाद के बीच एक बदमाश ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 30 वर्षीय मुकेश बिंद, 35 वर्षीय सोहन कुमार बिंद और सुनीला देवी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी को पैर में गोली या गोली के छींटे लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग के मुख्य आरोपी टिंकू यादव, पिता जागेश्वर यादव, को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

महिला को छूती हुई मुकेश के पैर में धंसी गोली

घायल मुकेश बिंद ने बताया कि आरोपी दोपहर करीब दो बजे से ही गांव में शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। शाम करीब छह बजे वे हथियार लेकर पहुंचे। मुकेश के अनुसार, वह अन्य लोगों के साथ घर के पास रास्ते पर बैठा था। इसी दौरान आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी। पहले हवा में गोली चलाई और फिर दूसरी गोली लोगों की ओर दाग दी।घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग में चली एक गोली पहले रास्ते पर खड़े सोहन कुमार बिंद के पैर में लगी। इसके बाद वही गोली वहां खड़ी सुनीला देवी के पैर को छूती हुई निकली और अंत में मुकेश बिंद के पैर में जा धंसी। एक ही गोली से तीन लोगों के घायल होने की घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।

पीड़िता ने बताया 

मुकेश की पत्नी मीना देवी ने बताया कि उनके पति मछली बेचने का काम करते हैं। वह मौके पर खड़े थे, तभी शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान चली गोली उन्हें लग गई। उन्होंने बताया कि फायरिंग के बाद आरोपी घबराकर पैर पकड़कर गिड़गिड़ाने लगा और कहने लगा कि उससे गलती से गोली चल गई है। इलाज का पूरा खर्च देने की बात भी उसने कही। वहीं, घायल सोहन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह किसी विवाद में नहीं था। अचानक गली से निकले आरोपी ने बिना किसी पूर्व विवाद के फायरिंग कर दी।

हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने के मुख्य आरोपी टिंकू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया है। डीएसपी ने बताया कि सोहन बिंद को गोली लगी है, जबकि अन्य घायलों को गोली के छींटे लगे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक प्रवृत्ति का होने की बात भी सामने आई है।

राज की रिपोर्ट