Bihar Crime : नालंदा में होली मिलन समारोह बना रणक्षेत्र, गायक रौशन रोही के कार्यक्रम में गोलीबारी और पथराव, किशोर को लगी गोली, सिंगर समेत 12 लोग हुए गिरफ्तार
Bihar Crime : नालंदा में होली मिलन समारोह में लोगों ने जमकर बवाल काटा, इस दौरान एक किशोर को गोली लग गयी. जहाँ 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है......पढ़िए आगे
NALANDA : बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव के एक वाटर पार्क में रविवार को आयोजित होली मिलन समारोह रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। भोजपुरी गायक रौशन रोही के इस कार्यक्रम में जमकर पथराव और गोलीबारी हुई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए गायक और अन्य लोगों के निजी बाउंसरों द्वारा की गई फायरिंग में एक किशोर को गोली लग गई। वहीं, उग्र भीड़ के हमले में एक स्थानीय पत्रकार और वाहन चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गायक रौशन रोही समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
किशोर को लगी गोली मारपीट में पत्रकार भी जख्मी
गोलीबारी में काशोचक निवासी शिवकुमार यादव का पुत्र सूबे लाल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव की चपेट में आने से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार ऋषिकेश कुमार और आरा-छपरा के वाहन चालक अमन कुमार भी चोटिल हुए हैं। उपद्रवियों ने गायक के काफिले की तीन गाड़ियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
मुफ्त प्रवेश को लेकर भड़की हिंसा
जख्मी पत्रकार ने बताया कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब स्थानीय ग्रामीणों को कार्यक्रम में मुफ्त प्रवेश देने से रोक दिया गया। इसे लेकर ग्रामीणों और आयोजकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यक्रम समाप्त होते ही आक्रोशित भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। खुद को घिरा देख गायक व अन्य लोगों के साथ आए बाउंसरों ने फायरिंग शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी नुरुल हई कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। उन्होंने बताया कि समारोह के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। जिस हथियार से फायरिंग हुई है, उसे जब्त कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। गायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
विवादों से पुराना है नाता
गौरतलब है कि गायक रौशन रोही के कार्यक्रमों में हंगामे का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी विधानसभा चुनाव के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी की सभा में इनके कार्यक्रम के दौरान भारी बवाल हुआ था, जहाँ पुलिस को लाठीचार्ज कर स्थिति संभालनी पड़ी थी। फिलहाल नकटपुरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
राज की रिपोर्ट