बिहारशरीफ के सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज पहुंचे पूर्व सीएम नीतीश कुमार, महाविद्यालय के संस्थापक प्रो. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा का किया अनावरण
पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार बुधवार को नालंदा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिहारशरीफ स्थित सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज के संस्थापक प्रो. राजेन्द्र प्रसाद के कॉलेज प्रांगण में नव निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया.....
Nalanda : पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार बुधवार को बिहारशरीफ के उदंतपुरी स्थित प्रसिद्ध सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज पहुंचे। कॉलेज प्रांगण में पहुंचने के बाद उन्होंने संस्थान के दूरदर्शी संस्थापक प्रो. राजेंद्र प्रसाद की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात उन्होंने दीप प्रज्वलित कर आयोजित 'उद्घाटन सह अभिनंदन समारोह' की विधिवत शुरुआत की। इस खास मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रमुख शिक्षाविदों और कॉलेज परिवार के सदस्यों की गरिमामयी मौजूदगी रही।
मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान राज्य के ग्रामीण विकास एवं सूचना व जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा से जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार तथा कॉलेज के प्राचार्य महेश प्रसाद सिंह मंच पर प्रमुखता से उपस्थित रहे। समारोह में वक्ताओं ने कॉलेज के संस्थापक स्व. प्रो. राजेंद्र प्रसाद के महान शैक्षणिक और सामाजिक योगदान को शिद्दत से याद किया। मंत्री श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने शिक्षा के विस्तार और समाज सुधार की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेंगे।
प्रतिमा स्थापना से नई पीढ़ी को मिलेगी उनके विचारों की प्रेरणा
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि ऐसे महान दूरदर्शियों के योगदान को याद रखना और उनकी प्रतिमा स्थापित कर उन्हें उचित सम्मान देना अत्यंत आवश्यक है। इससे युवाओं और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को उनके उच्च विचारों, त्याग और सामाजिक कार्यों को नजदीक से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। कॉलेज परिसर में आयोजित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रो. राजेंद्र प्रसाद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ शिक्षा व सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उनके अप्रतिम योगदान को रेखांकित करना रहा।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों और पार्टी नेताओं की रही सहभागिता
इस गरिमामयी अभिनंदन समारोह में जदयू जिलाध्यक्ष मो. अरशद, राजू यादव, अजय देवगन, दलित नेता संजय पासवान, मोहम्मद नदीम, डॉ. धनंजय देव, रणजीत कुमार, अनीता मुखिया, अंजनी मुखिया, अविनाश मुखिया, डॉ. अशोक, प्रो. अरविंद कुमार, बबलू सिंह और रिक्की कुमार सहित कई स्थानीय नेता व गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन द्वारा आगंतुक अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
राज की रिपोर्ट