Bihar News : नालंदा में टोटो पर सवार होकर सिरसी गांव में पहुंचे पूर्व सीएम नीतीश कुमार, दिवंगत जदयू नेता को दी श्रद्धांजलि
Bihar News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शनिवार की देर शाम अपने गृह जिले नालंदा के हरनौत प्रखंड अंतर्गत सिरसी गांव पहुंचे.....पढ़िए आगे
NALANDA : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शनिवार की देर शाम अपने गृह जिले नालंदा के हरनौत प्रखंड अंतर्गत सिरसी गांव पहुंचे। सिरसी पहुंचकर उन्होंने पार्टी के दिवंगत नेता अनिल कुमार सिंह उर्फ ललन प्रसाद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ढाढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गांव में आवागमन के दौरान एक दिलचस्प और सादगी भरा दृश्य देखने को मिला, जब नीतीश कुमार मुख्य मार्ग से तंग गलियों के बीच ई-रिक्शा (टोटो) पर सवार होकर दिवंगत नेता के घर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े घेरे और पूरे लाव-लश्कर के बीच उन्हें टोटो पर सवार देखकर स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच यह विषय खासी चर्चा का केंद्र बना रहा।
दिवंगत नेता ललन प्रसाद सिंह डाक विभाग में पोस्टमास्टर के पद से सेवानिवृत्त थे और लंबे समय से जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़कर सक्रिय सामाजिक व राजनीतिक भूमिका निभा रहे थे। करीब 71 वर्ष की आयु में उनके निधन की सूचना मिलते ही नीतीश कुमार ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के बीच समय निकालकर परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मिलने का निर्णय लिया था। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गांव में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित थे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परिजनों से बातचीत करने और करीब 10 मिनट तक रुकने के बाद नीतीश कुमार सड़क मार्ग से पुनः पटना के लिए रवाना हो गए।
हरनौत और नालंदा क्षेत्र से नीतीश कुमार का गहरा राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक जुड़ाव रहा है। उनका पैतृक गांव कल्याण बिगहा भी हरनौत प्रखंड के अंतर्गत ही आता है और वे पूर्व में हरनौत विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। यही कारण है कि क्षेत्र के पुराने साथियों और कार्यकर्ताओं के पारिवारिक सुख-दुख में वे हमेशा शामिल होते रहे हैं।
राज की रिपोर्ट