Bihar News : नालंदा में मजदूरी मांगने पर युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेला, इलाज के दौरान हुई मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
Bihar News : नालंदा में दबंगों ने मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक को आरोपियों ने खौलते हुए तेल की कड़ाही में धकेल दिया। जिसके बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई......पढ़िए आगे
NALANDA : जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के दरुआरा बेलदारी गांव में मजदूरी मांगने पर एक युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेलने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने आठ दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बालगोविंद चौहान के पुत्र कामो चौहान (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा है। परिजनों के अनुसार, कामो प्रदेश में रहकर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था। इसी दौरान कोंदी गांव निवासी दिलीप और राजा उसे हलवाई के काम में मदद करने के लिए दरुआरा बथानी पर आयोजित एक ब्रह्मभोज में ले गए थे।
काम खत्म होने के बाद पैसे मांगने पर भड़के आरोपी
मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान ने बताया कि चार अक्टूबर की रात करीब आठ बजे काम खत्म होने के बाद कामो ने अपनी मजदूरी मांगी। इसी बात पर दिलीप और राजा भड़क गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने कामो के साथ मारपीट की और उसे खौलते तेल की कड़ाही में धकेल दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पटना से रिम्स तक कराया इलाज, नहीं बची जान
घटना के बाद घायल कामो को सदर अस्पताल, बिहारशरीफ पहुंचाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो आरोपित वहां से फरार हो गए। कामो की गंभीर हालत को देखते हुए परिवार के लोग उसे पटना ले गए। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे रिम्स और बाद में निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, इलाज पर छह लाख रुपये से अधिक खर्च हो गए। कामो अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को अंजाम देने के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
राज की रिपोर्ट