Bihar News : नालंदा में बच्ची को डसने वाले जिंदा कोबरा को डिब्बे में लेकर अस्पताल पहुंचा पिता, समय पर इलाज से बची जान

Bihar News : नालंदा के फतेहपुर गांव में तीन वर्षीय बच्ची को कोबरा के डसने के बाद उसके पिता सांप को पकड़कर बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों की तत्परता से बच्ची की जान बच गयी......पढ़िए आगे

Bihar News : नालंदा में बच्ची को डसने वाले जिंदा कोबरा को डि
अस्पताल में सांप लेकर पहुंचा पिता - फोटो : RAJ

NALANDA : बिहार के नालंदा जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता अपनी तीन साल की मासूम बेटी को जहरीले सांप के काटने के बाद जिंदा कोबरा को डिब्बे में बंद कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गए। घटना परवलपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की है। डिब्बे में बंद फुंकार भरते जिंदा कोबरा को देखकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी सन्न रह गए।

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर निवासी तीन वर्षीय सोनिया कुमारी अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक जहरीले कोबरा ने उसे डस लिया। परिजनों की नजर जैसे ही इस हादसे पर पड़ी, उन्होंने तुरंत समझदारी दिखाई। प्राथमिक उपचार देने के साथ ही बच्ची के पिता ने हिम्मत दिखाते हुए उस कोबरा को पकड़कर एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया, ताकि अस्पताल में डॉक्टरों को सांप की सही प्रजाति की पहचान करने में कोई परेशानी न हो।

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने डिब्बे में बंद कोबरा डॉक्टरों को दिखाया। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉ. सावन सुमन और डॉ. प्रेम शंभू ने बिना वक्त गंवाए तत्काल इलाज शुरू कर दिया। सोनिया को तुरंत आईसीयू में भर्ती कर मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया। सही समय पर सही एंटी-वेनम और सटीक इलाज मिलने के कारण बच्ची की स्थिति में सुधार आ गया और उसकी जान बच गई।

घटना के बाद सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने आम लोगों से एक महत्वपूर्ण अपील की। डॉक्टरों ने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक, टोने-टोटके या किसी तरह के घरेलू उपचार में कीमती समय बर्बाद न करें। किसी भी व्यक्ति को सांप काटे तो बिना देर किए मरीज को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाएं, क्योंकि समय पर मिला सही डॉक्टरी इलाज ही मरीज की जान बचा सकता है।

राज की रिपोर्ट