Bihar News: कर्मा पूजा पर नालंदा में मातम, बच्ची, महिला और युवक समेत तीन की डूबने से मौत
Bihar News:कर्मा पूजा के दिन नालंदा में अलग-अलग जगह हुए तीन हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया।...
Bihar News:कर्मा पूजा के दिन नालंदा में अलग-अलग जगह हुए तीन हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रहुई और नगरनौसा थाना क्षेत्रों में डूबने की घटनाओं में एक सात वर्षीय बच्ची, एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। हादसों की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
पहली दर्दनाक घटना रहुई थाना क्षेत्र में बसानपुर और कुआरडीह गांव के बीच गोइठवा नदी में हुई। कर्मा पूजा को लेकर नदी में स्नान करने गई 42 वर्षीय राधा देवी और सात वर्षीय नंदनी गहरे पानी में चली गईं। बताया गया कि दोनों पानी में डूब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दूसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बलधा गांव में हुई। यहां कर्मा पूजा के लिए तालाब से मिट्टी लाने के दौरान 19 वर्षीय दिलखुश कुमार की डूबने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, दिलखुश की बहन ने भाई की लंबी उम्र और मंगलकामना के लिए कर्मा पूजा का व्रत रखा था। पूजा के लिए मूर्ति बनाने को मिट्टी लेने के दौरान दिलखुश का पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। काफी प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तीनों हादसों के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। एक ही पर्व के दौरान तीन मौतों से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। जिन परिवारों में कर्मा पूजा की तैयारियों और धार्मिक अनुष्ठान को लेकर उत्साह था, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय