सन्नी पासवान के परिजनों से मिले मंत्री लखेन्द्र पासवान : सौंपा 4.12 लाख का चेक, एक सदस्य को सरकारी नौकरी का दिया आश्वासन
बिहार सरकार के मंत्री लखेन्द्र पासवान ने आज नालंदा जिले के ग्राम सेरथुआ खुर्द का दौरा कर मृतक सन्नी पासवान के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सन्नी के परिजनों सहायता राशि की पहली किश्त सौंपा.....
Patna : बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेन्द्र पासवान ने आज नालंदा जिले के ग्राम सेरथुआ खुर्द का दौरा किया। इस दौरान मंत्री ने मृतक सन्नी पासवान के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सरकारी सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
सहायता राशि की पहली किस्त का भुगतान
पीड़ित परिवार को त्वरित राहत पहुंचाते हुए मंत्री लखेन्द्र पासवान ने सहायता राशि के रूप में 4,12,650 की पहली किस्त का चेक परिजनों को सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शेष सहायता राशि की दूसरी किस्त भी कागजी औपचारिकताएं पूरी होते ही जल्द से जल्द परिवार को उपलब्ध करा दी जाएगी।
प्रशासन को बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद नालंदा जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल शेष बचे आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को निष्पक्ष और त्वरित न्याय मिल सके।
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का आश्वासन
पीड़ित परिवार के दीर्घकालिक आर्थिक सहारे के लिए मंत्री ने विभाग की ओर से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने का बड़ा फैसला लिया। इसके लिए उन्होंने मौके पर मौजूद जिला कल्याण पदाधिकारी (नालंदा) को नौकरी से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तुरंत प्रभाव से शुरू करने का निर्देश दिया।
एनडीए सरकार की न्याय और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता
इस अवसर पर मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार न्याय, सुरक्षा और जनकल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें बीते जुलाई माह में सन्नी पासवान की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह खेत में काम करने जा रहे थे। मृतक के परिजनों ने इस हत्याकांड के पीछे मुखिया चुनाव की पुरानी रंजिश बताई है। मृतक के भाई ने गांव के मथुरी सिंह, सचि सिंह और हवलदार सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि आरोपितों में से एक व्यक्ति बिहार पुलिस से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी है, जिसने अन्य लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपों और आपसी विवाद के पहलुओं की जांच कर रही है।
नरोत्तम की रिपोर्ट
Lakhendra Paswan, Nalanda Visit, Sanni Paswan Case, SC ST Welfare Department Bihar, Financial Assistance Check, Government Job Process