कारगिल विजय दिवस पर मंत्री श्रवण कुमार ने दी श्रद्धांजलि: कहा- शहीदों के सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि

बिहारशरीफ के कारगिल पार्क में आयोजित 27वें विजय दिवस समारोह में शहीदों को किया गया नमन। इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने अमर शहीद हरदेव प्रसाद की पत्नी मुन्नी देवी तथा एनसीसी बटालियन में तैनात सेना के जवानों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया...

कारगिल विजय दिवस पर मंत्री श्रवण कुमार ने दी श्रद्धांजलि: कह
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन- फोटो : राज

Nalanda : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 38 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा कारगिल पार्क में 27वां विजय दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार और कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि 26 जुलाई 1999 का दिन हर भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है।


नालंदा के अमर शहीद हरदेव प्रसाद को किया गया विशेष रूप से याद

समारोह के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कारगिल युद्ध में देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले नालंदा जिले के वीर सपूत अमर शहीद हरदेव प्रसाद के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का साहस और त्याग आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाता रहेगा। सीमा पर हर परिस्थिति में तैनात जवानों के साथ पूरा देश मजबूती से खड़ा है।


शहीद की वीरांगना पत्नी और आर्मी जवानों को अंगवस्त्र भेंटकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने अमर शहीद हरदेव प्रसाद की पत्नी वीरांगना मुन्नी देवी तथा एनसीसी बटालियन में तैनात सेना के जवानों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान, बच्चों की शिक्षा और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। शहीदों के परिजनों की देखभाल करना सरकार और समाज दोनों का परम कर्तव्य है।


सांसद कौशलेंद्र कुमार और कर्नल बहरी ने राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि कारगिल विजय केवल एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम का पर्व है। वहीं 38 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी ने देश में शांति, एकता और भाईचारा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि शहीदों के परिजनों के सुख-दुख में शामिल होना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


एनसीसी कैडेट्स और सेना के अधिकारियों की रही गरिमामय मौजूदगी

इस भव्य आयोजन में 38 बिहार बटालियन एनसीसी के सूबेदार मेजर ललिंद्र टिग्गा, विशाल पांडेय, सूबेदार मदन सिंह मेहता, नरेंद्र शर्मा, बीएचएम भीम बहादुर, हवलदार संजय कुमार, डॉ. धनंजय देव, रजनीश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी, गणमान्य अतिथि और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।


राज की रिपोर्ट