Nalanda child murder: नालंदा में नींबू ने ले ली 12 साल के बच्चे की जान! जानें ऐसा क्या हुआ कि पुलिस को भी देना पड़ा दखल
Nalanda child murder: नालंदा के सकरावा गांव में नींबू उठाने के विवाद में 12 साल के बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दिया है। इसके बाद गांव में तनाव और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Nalanda child murder: नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के सकरावा गांव में मामूली विवाद ने बड़ा दर्दनाक रूप ले लिया। नींबू तोड़ने की बात को लेकर 12 साल के एक बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृत बच्चे की पहचान राजकुमार पासवान के बेटे झगड़ू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि झगड़ू गांव के बच्चों के साथ कंचे खेल रहा था। इसी दौरान उसने पेड़ से गिरा हुआ एक नींबू उठा लिया। आरोप है कि इस बात पर गांव के गोरख मियां नाराज हो गए और बच्चे पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में झगड़ू के सिर में गंभीर चोट लगी।
घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को इलाज के लिए बिहारशरीफ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और लोगों में गुस्सा फैल गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज भी किया। इसके बाद गांव में तनाव और बढ़ गया।
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
हालात को देखते हुए सकरावा गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सदर डीएसपी नूरुल हक मौके पर कैंप कर रहे हैं और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मासूम बच्चे की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण लगातार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।