Nalanda Crime News: बंद घरों को निशाना बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश,2 नाबालिग समेत 4 दबोचे गए,सोने-चांदी के गहने और लैपटॉप बरामद

नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र में पिछले दो-तीन महीनों से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश।पुलिस ने 2 नाबालिगों समेत 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, iPhone,डेल लैपटॉप

Nalanda Police Action Harnaut Theft cases solved
नालंदा के हरनौत में चोरी के मामलों का पर्दाफाश- फोटो : news 4 nation

नालंदा जिले की हरनौत थाना पुलिस ने पिछले दो-तीन महीनों से इलाके में दहशत फैला रहे गृहभेदन (चोरी) के आधा दर्जन से अधिक मामलों का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो विधि विरुद्ध बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न घरों से चोरी किए गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी बरामद की है।


तकनीकी साक्ष्य और छापेमारी से मिली सफलता

हरनौत थाना क्षेत्र के नियमातपुर, माधोपुर सबनहुआ, आंबेडकर नगर और सेन्ट्रल बैंक के पीछे लगातार हो रही चोरी की वारदातों को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और सतत निगरानी के आधार पर छापेमारी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस की डर से फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।


चार आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुंदन कुमार उर्फ कुंदन राज (20 वर्ष, पिता- जितु बिंद, निवासी- नियमातपुर) और गोलु कुमार (22 वर्ष, पिता- दिलिप पासपान, निवासी- सबनहुआडीह) शामिल हैं। इनके अलावा दो विधि विरुद्ध बालकों (उम्र 17 वर्ष व 16 वर्ष) को भी निरुद्ध किया गया है। यह गिरोह रात के अंधेरे में बंद घरों को अपना निशाना बनाता था।


सोना-चांदी, आईफोन और नकदी बरामद 

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का बड़ा सामान बरामद किया है। बरामद सामानों में एक डेल (Dell) कंपनी का लैपटॉप, एक iPhone मोबाइल, सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, दो सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल, तीन-तीन रिंग जुड़ी चांदी की बिछिया और 6000 रुपये नकद शामिल हैं। इस सफल कार्रवाई में हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा और उनकी टीम के पुलिस अधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।