Bihar Crime: जमीन की जंग में फिर बहा खून, बेल पर लौटे युवक के गांव आते ही भड़की रंजिश, इलाके में तनाव का माहौल
Bihar Crime: पुरानी अदावत ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडे और घूंसे चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। ...
NALANDA : जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित भातू बिगहा गांव एक बार फिर जमीनी विवाद की आग में सुलग उठा। पुरानी अदावत ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडे और घूंसे चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। इस खूनी झड़प में कई लोग घायल हो गए, जबकि दोनों परिवारों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक गांव में अविनाश कुमार और अनुज कुमार के परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर तनातनी चली आ रही है। यह विवाद पहले भी कई बार खूनी संघर्ष का रूप ले चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग तक हो चुकी है, जिसमें कई लोग जख्मी हुए थे और एक युवक को गोली भी लगी थी।
बताया जा रहा है कि पुराने केस में अविनाश कुमार जेल जा चुके थे और हाल ही में जमानत पर रिहा होकर गांव लौटे हैं। दूसरी तरफ अनुज कुमार को भी कोर्ट से बेल मिल चुकी है। गांव में दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद से ही तनाव का माहौल बना हुआ था।शनिवार रात विवाद ने उस वक्त फिर विस्फोटक रूप ले लिया जब आरोप है कि अविनाश कुमार अपने घर के दलान पर बैठे थे और उसी दौरान अनुज कुमार की पत्नी उनका वीडियो बनाने लगी। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, फिर मामला गाली-गलौज से होते हुए हाथापाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग जुट गए और मारपीट शुरू हो गई।
ग्रामीणों का दावा है कि इस संघर्ष में कुल सात लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष के चार जबकि दूसरे पक्ष के तीन लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर एक पक्ष से अनुज कुमार के घायल होने की पुष्टि की गई है।घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा हुआ है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने बेन थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। थानाध्यक्ष रवि राजकुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पुराना भूमि विवाद चल रहा है और इससे पहले भी कई बार हिंसक झड़प हो चुकी है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय