Bihar Crime : नालंदा पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, मौके से 4 तस्करों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : नालंदा पुलिस ने खेत में छापेमारी कर मिनी गन फैकट्री का पर्दाफाश किया है. जहाँ से भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद किये गए हैं.....पढ़िए आगे
NALANDA : नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के महुआ कटहरी गांव में खेत के अलंग (मेड़) पर संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर हथियार बना रहे चार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक निर्मित हथियार, कई अर्द्धनिर्मित हथियार तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण बरामद किए गए हैं।
परवलपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि महुआ कटहरी गांव के खेत के अलंग पर कुछ लोग अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी की। इसके बाद चारों दिशाओं से एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण सभी को मौके पर ही दबोच लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरण, एक तैयार हथियार और कई अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद किए। पुलिस का कहना है कि मौके पर ही हथियार बनाने का काम चल रहा था और आरोपित रंगे हाथ पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान परवलपुर थाना क्षेत्र निवासी राजदेव यादव तथा चिकसौरा थाना क्षेत्र के शिशुपाल मिस्त्री, पप्पू कुमार और देव विश्वकर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सभी मिलकर अवैध हथियार तैयार कर उनकी बिक्री करते थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने हथियार बनाए और उनकी आपूर्ति किन लोगों तक की गई।
पुलिस को आशंका है कि आगामी पंचायत चुनाव और आपराधिक गतिविधियों के लिए इन हथियारों की सप्लाई की जानी थी। इस एंगल से भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
राज की रिपोर्ट