Bihar Road Accident : पत्नी की ब्रेन हेमरेज से चार महीने पहले हुई मौत, अब सड़क हादसे में पति की गयी जान, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar Road Accident : नालंदा में अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई......पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : पत्नी की ब्रेन हेमरेज से चार महीने पहल
दो युवकों की मौत - फोटो : RAJ

NALANDA : जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एसएच-78 पर बिहटा-सरमेरा मार्ग स्थित मुजफ्फरपुर गांव के समीप हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेल्मेट पहने होने के बावजूद दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के बिजवनपर गांव निवासी सिद्धेश्वर प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र बलराम प्रसाद और लहेरी थाना क्षेत्र के मेहरपर किसान बाग निवासी विजय प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र सुमित राज  के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि बलराम प्रसाद वाहनों में जीपीएस ट्रैकर सिस्टम लगाने का फ्रेंचाइजी व्यवसाय संचालित करते थे। सुमित राज उनके साथ स्टाफ के रूप में कार्य करते थे। दोनों अक्सर विभिन्न स्थानों पर जाकर वाहनों में जीपीएस ट्रैकर सिस्टम लगाने का काम करते थे। रविवार को भी दोनों पटना से काम पूरा कर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर गांव के समीप पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है और वाहन की पहचान होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने बलराम प्रसाद के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने बताया कि करीब चार महीने पहले ही उनकी पत्नी का ब्रेन हेमरेज से निधन हो गया था। परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब बलराम की सड़क हादसे में मौत ने पूरे घर को शोक में डुबो दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

राज की रिपोर्ट