Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, एंबुलेंस चालक समेत तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग मामले की जांच के लिए गठित SIT ने कार्रवाई करते हुए तीन और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे
NALANDA : राजगीर के चर्चित मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल चार आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी करो कि में एंबुलेंस का चालक बताया जा रहा है।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के क्रम में पहले एक आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीन अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में सिलाव थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी 28 वर्षीय सन्दू राम, छबिलापुर थाना क्षेत्र के मेयार गांव निवासी 36 वर्षीय विवेक प्रसाद तथा शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के रजौरा गांव निवासी 32 वर्षीय मनीष कुमार शामिल हैं। आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल तीन से चार अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
राज की रिपोर्ट