India vs New Zealand: राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी सीरीज, आज होंगे बड़े मुकाबले, सीएम करेंगे उध्घाटन

India vs New Zealand:इतिहास और पर्यटन के लिए दुनिया भर में पहचान रखने वाला राजगीर अब अंतरराष्ट्रीय खेलों के मैदान में भी अपनी धमक दिखाने को तैयार है। ...

India New Zealand Under 20 Rugby Series
भारत-न्यूजीलैंड की युवा टीमों के बीच मुकाबले आज- फोटो : reporter

India vs New Zealand:इतिहास और पर्यटन के लिए दुनिया भर में पहचान रखने वाला राजगीर अब अंतरराष्ट्रीय खेलों के मैदान में भी अपनी धमक दिखाने को तैयार है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राजगीर खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय अंडर-20 रग्बी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। 23 से 28 अक्टूबर तक चलने वाली इस सीरीज के मुख्य मुकाबले आज यानी 27 अक्टूबर को होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस आयोजन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में खेल मंत्री लेसी सिंह समेत कई मंत्री और सांसद भी शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को लेकर राजगीर में खेल उत्सव जैसा माहौल है। भारत और न्यूजीलैंड की महिला एवं पुरुष टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं और मुकाबलों से पहले अभ्यास में पसीना बहा रही हैं। दोनों देशों की युवा टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। इस आयोजन से राजगीर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

खेल के मैदान से दुनिया तक पहुंचेगा राजगीर का नाम

राजगीर में अंतरराष्ट्रीय रग्बी सीरीज का आयोजन बिहार में खेल सुविधाओं और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का खेल देखने, उनकी तकनीक समझने और खेल के प्रति अपनी रुचि बढ़ाने का अवसर मिलेगा। खासकर ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को ऐसे आयोजन आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सकते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि राजगीर में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया मिशन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि रग्बी जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों से नई पीढ़ी को जोड़ना जरूरी है। इससे युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना विकसित होगी।

हॉकी, कबड्डी और क्रिकेट के बाद अब रग्बी की बारी

राजगीर खेल परिसर में इससे पहले हॉकी, कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन हो चुका है। अब अंतरराष्ट्रीय रग्बी सीरीज के जरिए खेल परिसर को एक बार फिर बड़े आयोजन का मंच बनाया जा रहा है। यह आयोजन राजगीर की खेल पहचान को मजबूत करने के साथ बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए भी नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है। ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन के लिए मशहूर राजगीर अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत करने की ओर बढ़ रहा है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय