Bihar News : राजद स्थापना दिवस समारोह में मंच पर भिड़े पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव और कार्यकर्ता, जमकर हुई कहासुनी, वीडियो हुआ वायरल

Bihar News : राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और एक स्थानीय कार्यकर्ता कल्लू मुखिया के बीच भरे मंच पर ही तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : राजद स्थापना दिवस समारोह में मंच पर भिड़े पूर्व
राजद में कलह - फोटो : RAJ

NALANDA : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के स्थापना दिवस समारोह के दौरान रविवार को बिहारशरीफ के आईएमए सभागार में उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सह पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव और एक कार्यकर्ता कल्लू मुखिया के बीच मंच पर ही तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों के बीच कुछ देर तक बहस चलती रही, जिससे समारोह में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह में शक्ति सिंह यादव कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कार्यकर्ता कल्लू मुखिया मंच पर पहुंच गए और यह कहते हुए नाराजगी जताने लगा कि उसे कार्यक्रम में बहुत कम समय बोलने का अवसर दिया गया है। इस बात को लेकर उसने मंच पर ही आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

बताया जाता है कि बहस के दौरान शक्ति सिंह यादव ने कार्यकर्ता को अनुशासन में रहने की नसीहत दी और मंच की गरिमा बनाए रखने की बात कही। हालांकि, इसके बावजूद कुछ देर तक दोनों के बीच कहासुनी जारी रही। स्थिति बिगड़ती देख जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता तत्काल मंच पर पहुंचे। नेताओं ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और कार्यक्रम आगे बढ़ सका।

घटना के बाद समारोह में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच इस विवाद की चर्चा होती रही। स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी मंच पर हुई इस नोकझोंक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि बिहारशरीफ के आईएमए सभागार में राजद का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। समारोह के बीच मंच पर हुई इस घटना ने कार्यक्रम की चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया।

राज की रिपोर्ट