Bihar News: रफ्तार बनी मौत का फरमान! बेकाबू कार गड्ढे में पलटी, इंजीनियरिंग छात्र की मौत,चार की हालत गंभीर

Bihar News: तेज रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर ऐसी मौत की पटकथा लिखी, जिसमें एक होनहार इंजीनियरिंग छात्र की जान चली गई, जबकि उसके चार साथी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।

Speeding car overturns engineering student killed
इंजीनियरिंग छात्र की मौत- फोटो : X

Nalanda:चंडी थाना क्षेत्र के गौडापर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने रफ्तार के खौफनाक सच को फिर उजागर कर दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर ऐसी मौत की पटकथा लिखी, जिसमें एक होनहार इंजीनियरिंग छात्र की जान चली गई, जबकि उसके चार साथी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रों से भरी एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल छात्र इंजीनियरिंग कॉलेज के बताए जा रहे हैं, जो किसी काम से एक साथ यात्रा कर रहे थे। इस खूनी हादसे ने उनके सपनों को एक झटके में चकनाचूर कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में ओवरस्पीड और सड़क किनारे मौजूद गड्ढे को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि रफ्तार और लापरवाही की जुगलबंदी का खौफनाक नतीजा है, जो हर दिन सड़कों पर जिंदगी निगल रही है। अब सवाल यह है क्या ऐसे हादसों से कोई सबक लिया जाएगा, या फिर मौत की रफ्तार यूं ही दौड़ती रहेगी?

रिपोर्ट- राज पाण्डेय