Bihar News : नालंदा में तीन दिनों से लापता आशा कर्मी के पुत्र का नदी में मिला शव, हत्या की आशंका से इलाके में फैली सनसनी

Bihar News : नालंदा में तीन दिनों से लापता आशा कर्मी के पुत्

NALANDA : बिहार थाना क्षेत्र के रामजीचक गांव में तीन दिनों से लापता आशा कर्मी के पुत्र का शव गुरुवार सुबह गोइठवा नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक स्वर्गीय मुन्नू पासवान के 18 वर्षीय पुत्र अमरेंद्र कुमार है। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

मृतक की मां रंजू कुमारी, जो सदर अस्पताल में आशा कर्मी हैं, ने बताया कि 5 मई की शाम अमरेंद्र घर से निकला था। उनका आरोप है कि उसी दौरान कुछ लोग उसे चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने बिहार थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने गोइठवा नदी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार वालों का आरोप है कि उनके पुत्र के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया।

घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ, वहां बीती रात किसी युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। लोगों का कहना है कि वह युवक जान बचाने की गुहार लगा रहा था। उसकी  हत्या किन कारणों से की गई, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।  बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि शव का  पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

राज की रिपोर्ट