Bihar News : नालंदा में खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर हुआ बवाल, बेकाबू भीड़ ने तोड़ी टूटीं कुर्सियां, मची भगदड़
Bihar News : भोजपुरी एक्टर व गायक खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में अचानक भगदड़ मच गयी. हजारों की भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की.....पढ़िए आगे
NALANDA : बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र स्थित सेखली गांव में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान बीती रात भारी हंगामा और भगदड़ मच गई। चहेते कलाकार की एक झलक पाने के लिए उमड़ी बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने में नाकाफी साबित हुई व्यवस्था के कारण कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान गुस्साए दर्शकों ने दर्जनों कुर्सियां तोड़ डालीं।
तिलक समारोह में पहुंचे थे खेसारी लाल
मिली जानकारी के अनुसार, सेखली गांव में एक तिलक समारोह के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें भोजपुरी के चर्चित गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में फैंस और दर्शक मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
प्रबंधों की कमी से बिगड़े हालात
भीड़ के भारी दबाव के मुकाबले सुरक्षा और बैठने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। इस अचानक मची अफरा-तफरी से नाराज दर्शकों ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। हालात को बिगड़ता देख आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। भीड़ को शांत करने और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए कलाकारों को कुछ देर के लिए प्रस्तुति रोकनी पड़ी।
पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर पुलिस हरकत में आई। हालांकि, उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में जुटी भीड़ को संभालने में पुलिस और सुरक्षाबलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस पूरे मामले पर इस्लामपुर थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी, लेकिन अनुमान से अधिक भीड़ उमड़ने के कारण स्थिति बिगड़ गई और भगदड़ के दौरान कुर्सियां तोड़ी गईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
राज की रिपोर्ट