Bihar Road Accident: बिहटा-सरमेरा पथ पर टक्कर से ट्रक के उड़े परखच्चे, एक भाई की मौत, छोटा भाई गंभीर घायल

Bihar Road Accident: एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।....

Truck Hyva Collision in Nalanda Kills One Brother One Injure
अचानक ब्रेक बना काल- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: नालंदा जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के बिहटा-सरमेरा पथ पर बढ़िया गांव के पास हुई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

मृतक की पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र स्थित सनचौरा गांव निवासी इंद्रदेव यादव के 28 वर्षीय पुत्र श्रवण यादव के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक उसका छोटा भाई ललन कुमार है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बालू लदे ट्रक से अरवल जिले से माल लेकर सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे एक हाईवा वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रहा उनका ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे हाईवा से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने श्रवण यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि ललन कुमार का इलाज जारी है।

घायल ललन कुमार ने बताया कि हादसा अचानक हुए ब्रेकिंग के कारण हुआ, जिससे वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और भीषण टक्कर हो गई।थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय