Bihar News : नालंदा में सवारी बैठाने के विवाद में दो रिक्शा चालकों में हुई हिंसक झड़प, इलाज के दौरान एक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : बिहार थाना क्षेत्र के नईसराय मोड़ के समीप सवारी बैठाने को लेकर दो रिक्शा चालकों के बीच हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल एक चालक की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।

Bihar News : नालंदा में सवारी बैठाने के विवाद में दो रिक्शा
सवारी बैठाने के विवाद में हत्या - फोटो : RAJ

NALANDA : बिहार थाना क्षेत्र के नईसराय मोड़ के समीप सवारी बैठाने को लेकर दो रिक्शा चालकों के बीच हुई मारपीट में घायल चालक की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक चालक ने दूसरे के सिर पर डंडे से वार कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान छज्जू मोहल्ला के बगीचा पर निवासी स्व इस्माइल के 52 वर्षीय पुत्र वली आलम  है। बताया जाता है कि पिछले मंगलवार को नईसराय मोड़ के पास सवारी बैठाने को लेकर वली आलम और मनोज उर्फ पप्पू के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान मनोज पर वली आलम के सिर पर डंडे से वार करने का आरोप है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि वली आलम रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर बिहार थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपित मनोज उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

राज की रिपोर्ट