Bihar News : नालंदा में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प, बुजुर्ग की गोली लगने से हुई मौत, तीन लोग हुए जख्मी
Bihar News :नालंदा में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इस दौरान हुई गोलीबारी में एक बुजुर्ग व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गयी. वहीँ तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.....पढ़िए आगे

NALANDA : जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबी विगहा गांव में गुरुवार को जमीन विवाद को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई और फिर जमकर गोलीबारी की गई। घटना में 73 वर्षीय छोटे लाल यादव का पावापुरी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। गोलीबारी में श्रवण यादव समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को गोली लगी है। जबकि एक व्यक्ति मारपीट में घायल हुआ है। गोली लगने से घायल दोनों जख्मी का इलाज पावापुरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मृतक के पोते रोहित कुमार ने बताया कि पिछले चार महीनों से जमीन को लेकर उनके ही गोतिया शिवबालक यादव के साथ विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर प्रशासन ने दोनों पक्षों को विवादित जमीन पर निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। इसके बावजूद एक पक्ष निर्माण करा रहा था। गुरुवार को जब दूसरे पक्ष ने निर्माण कार्य रोकने की कोशिश की तो विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर शिवबालक यादव पक्ष के लोग छोटे लाल यादव के घर पर चढ़ आए और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना ज़मीनी विवाद चल रहा था। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
नालंदा से राज की रिपोर्ट