संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

Nalanda : ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इधर युवक के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है...

 संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का

Nalanda : जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के अमेरा खरज्मा गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सास, ससुर और पत्नी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


मृतक गुलरिया बीघा गांव निवासी महेश पासवान के 21 वर्षीय पुत्र विश्वविजय पासवान है। वह गुजरात में एक स्पोर्ट्स कंपनी में कार्यरत था और छह दिन पहले ही घर लौटा था।


मृतक के भाई विष्णु कुमार ने बताया कि उनकी भाभी स्वीटी कुमारी मुंडन संस्कार के बहाने विश्वविजय को जबरन अपने मायके ले गई थी। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि विश्वविजय के मुंह से खून निकल रहा है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब परिजन बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे तो वहां उसका शव अस्पताल परिसर में लावारिस हालत में पड़ा हुआ था और ससुराल पक्ष का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था।


परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुजरात में रहने के दौरान भी दोनों के बीच अक्सर फोन पर कहासुनी होती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृतक की पत्नी का किसी अन्य युवक से संबंध था, जिसके कारण साजिश के तहत उसकी हत्या की गई। परिजनों ने बताया कि विश्वविजय शांत स्वभाव का था और उसे किसी प्रकार की नशे की लत नहीं थी।


हिलसा डीएसपी वन शैलजा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


राज की रिपोर्ट