नवादा से सामने आई खुबसूरत और भावुक कर देने वाली तस्वीर, ड्यूटी पर तैनात शादीशुदा महिला जवान की व्रती महिलाओं ने ऐसे बढ़ाया मान

छठ महापर्व के मौके पर नवादा जिले से एक बेहद खूबसूरत, प्रेरणादायक और भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। जहां घाट से लौट रही कुछ छठ व्रती महिलाओं की नजर डयूटी पर तैनात एक शादीशुदा महिला जवान की खाली मांग पर पड़ी....

नवादा से सामने आई खुबसूरत और भावुक कर देने वाली तस्वीर, ड्यू
नवादा से सामने आई खुबसूरत और भावुक कर देने वाली तस्वीर- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया है। इस पावन अवसर पर नवादा से एक बेहद खूबसूरत, प्रेरणादायक और भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। एक तरफ जहां छठ घाटों पर श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना और अर्घ्यदान में जुटे थे, वहीं दूसरी तरफ महिला पुलिस जवान नीतू कुमारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी पर तैनात थीं।


घर से दूर रहकर सुरक्षा में जुटी थीं जवान, व्रती महिलाओं ने बढ़ाया मान

महापर्व के इन दिनों में महिला जवान नीतू कुमारी अपने परिवार और अपनों से कोसों दूर रहकर आम जनता की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने में अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। इसी दौरान, घाट से लौट रही कुछ छठ व्रती महिलाओं की नजर उनकी खाली मांग पर पड़ी। उन महिलाओं ने स्नेह दिखाते हुए नीतू कुमारी के पास पहुंचकर उनकी मांग में सिंदूर भरा और उन्हें लोक आस्था के इस महान पर्व की आत्मीय शुभकामनाएं दीं।


कैमरे में कैद हुआ अपनापन और कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत पल

यह पूरा मार्मिक और खूबसूरत पल कैमरे में कैद हो गया। यह तस्वीर एक ओर जहां महिला पुलिस जवान के अपने कर्तव्य और फर्ज के प्रति अटूट समर्पण को दर्शाती है, वहीं दूसरी ओर समाज में महिलाओं के बीच का अपनापन, वात्सल्य और पर्व की सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल भी पेश करती है।


'ड्यूटी मेरी पहली जिम्मेदारी है', बोलीं महिला जवान नीतू कुमारी

इस पूरे वाकए पर महिला जवान नीतू कुमारी ने साझा करते हुए बताया कि छठ बिहार का कितना बड़ा और पवित्र लोक आस्था का पर्व है, यह सभी जानते हैं, लेकिन उनके लिए इस समय अपनी ड्यूटी सबसे पहली प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। उन्होंने भावुक होकर बताया कि जब रास्ते से गुजर रही व्रती महिलाओं ने उन्हें इस तरह मुस्तैद देखा, तो उन्होंने बेटी या बहन की तरह स्नेह देते हुए उनकी मांग में सिंदूर लगाया और छठ की बधाई दी।


त्योहारों पर अपनों से दूर रहकर दूसरों की सुरक्षा करते हैं सुरक्षाकर्मी

यह वायरल तस्वीर एक बड़ा संदेश देती है कि जहां एक तरफ आम लोग अपने परिवारों के साथ हंसी-खुशी त्योहार मनाते हैं, वहीं दूसरी तरफ हमारे सुरक्षा बल और पुलिसकर्मी अपने घर-परिवार से दूर रहकर दिन-रात दूसरों की सुरक्षा और सुविधा में मुस्तैद रहते हैं।


अमन की रिपोर्ट