तेजस्वी की पत्नी को जर्सी गाय कहने पर बढ़ा विवाद, पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव के खिलाफ फूटा सड़क पर आक्रोश

 Tejashwis wife was called a Jersey cow
Tejashwis wife was called a Jersey cow- फोटो : news4nation

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की पत्नी के खिलाफ कथित रूप से विवादस्पद टिप्पणी करने को लेकर राजद के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव के खिलाफ भारी विरोध शुरू हो गया है. राजबल्लभ यादव जो अब राजद से अलग हो चुके हैं, उन्होंने तेजस्वी की पत्नी राजश्री को लेकर जर्सी गाय वाली टिप्पणी की थी. अब इसे लेकर नवादा में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने पूर्व राज्य मंत्री और राजद विधायक विभा देवी के पति राजवल्लभ यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सद्भावना चौक पर राजवल्लभ यादव का पुतला दहन किया।


राजद जिला अध्यक्ष रेनू सिंह ने कहा कि राजवल्लभ यादव ने तेजस्वी यादव की पत्नी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेनू सिंह ने यह भी कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व आने वाला है और इस समय ऐसी टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है।


राजद नेताओं का आरोप है कि राजवल्लभ यादव बीजेपी-एनडीए के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले सोनिया गांधी और अब तेजस्वी यादव की पत्नी को जर्सी गाय कहकर अपमानित किया गया है। राजद कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जो भी महिलाओं का अपमान करेगा, उसका इसी तरह विरोध किया जाएगा।


प्रदर्शनकारियों ने राजवल्लभ यादव के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनके पोस्टर्स को भी फाड़ दिया। राजद नेताओं ने कहा कि नारी की कोई जात नहीं होती और उनका सम्मान सर्वोपरि है।

अमन की रिपोर्ट