नवादा में दहेज हत्याकांड: बुलेट और फ्रिज के लिए पत्नी की हत्या, 12 घंटे में पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Nawada - नवादा में एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर पुलिस ने दहेज हत्याकांड में 12 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हिसुआ थाना क्षेत्र के धनमा गांव में गुरुवार को नवविवाहिता राखी कुमारी का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था।
बुलेट और फ्रिज की मांग के कारण पति ने अपनी पत्नी की हत्या करके फांसी के फंदे में लटका दिया था। राखी की शादी को महज डेढ़ महीने ही हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिसुआ थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति रोहित कुमार, सास बरती देवी, भाभी कैली देवी और ननद पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया।हालांकि मृतका के ससुर सुमन शर्मा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति रोहित कुमार अपनी पत्नी राखी की हत्या करने के बाद भाग रहा था। लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों और समाजसेवियों ने दहेज प्रथा पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष का भाव है। लेकिन दहेज के कारण होने वाली ऐसी घटनाओं पर चिंता भी जताई जा रही है।
Report - aman sinha