करगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा युवा मोर्चा ने निकाला मशाल जुलूस, सांसद विवेक ठाकुर समेत कई नेता हुए शामिल

करगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा युवा मोर्चा ने निका
विजय दिवस पर निकाला विजय जुलूस- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada - करगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम को नवादा में भाजपा युवा मोर्चा ने मशाल जुलूस निकाला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विवेक ठाकुर, जिला प्रभारी राजेश सिंह और जिलाध्यक्ष अनिल मेहता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजित शंकर ने किया। जुलूस के दौरान लोगों ने "भारत माता की जय" और "जय जवान जय हिंद" के नारे लगाए। साथ ही कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद विवेक ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें सिखाता है कि देश की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि हमें अपने सैनिकों के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। हमें उनके संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर उधर से गोली चलेगी तो इधर से गोला जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य आधुनिकता का उदाहरण है। आज भारत में बने सैन्य हथियारों की लोकप्रियता पूरे विश्व में है।

जिला प्रभारी राजेश सिंह ने कारगिल में शामिल जवानों को नमन किया। उन्होंने बताया कि भारत के कई सेक्टरों में पाकिस्तानी सेना कब्जा करने की कोशिश कर रही थी। तब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आदेश दिया था कि हमारी सेनाएं इन जगहों को वापस लें।

जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि 26 जुलाई वह तारीख है जो देश की आन, बान और शान बयां करती है। उन्होंने शहीदों को नमन किया और कहा कि वीर सैनिकों के कारण हमारी सीमाएं और हम सभी सुरक्षित हैं।

रिपोर्ट - अमन सिन्हा